![]()
बलौदाबाजार में खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर पलारी तहसील के भवानीपुर स्थित दो कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दीपक निकुंज के नेतृत्व में गठित जांच दल ने उर्वरक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा के साथ कृषि केंद्र भवानीपुर और न्यू पटेल कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कृषि केंद्र भवानीपुर में पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया। इस पर केंद्र संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्टॉक रजिस्टर भी मिला अधूरा न्यू पटेल कृषि सेवा केंद्र में निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर अधूरा पाया गया। यहां भी पीओएस मशीन में दर्ज आंकड़ों और वास्तविक स्टॉक में विसंगति सामने आई, जिसके चलते संचालक को नोटिस जारी किया गया। किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद बेचने के निर्देश जांच दल ने दोनों केंद्र संचालकों को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करने और किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई एसडीएम दीपक निकुंज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों में रिकॉर्ड और स्टॉक के बीच अंतर पाया गया है। संचालकों को स्पष्टीकरण जारी कर रिकॉर्ड अद्यतन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित केंद्रों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी रोकने जारी रहेगा अभियान जिला प्रशासन का यह अभियान किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
<
