![]()
महासमुंद जिले में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर विद्युत कंपनी परिसर में घुसे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान बिजली बिल आधा करने और जनता को राहत देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार अब लगातार बिजली दरें बढ़ाकर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उनका कहना था कि महंगाई से पहले ही परेशान जनता को बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस भवन से रैली निकली जिला कांग्रेस अध्यक्ष और खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से रैली निकालकर विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। प्रशासन ने पहले से ही कार्यालय के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया था। स्मार्ट मीटर को लेकर भी उठाए सवाल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार और बिजली कंपनी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। आम जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार वृद्धि हुई है। सरकार उद्योगपतियों को राहत देने में व्यस्त है, जबकि गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। बड़े आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों से जनता विरोधी फैसलों को लागू नहीं करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं ली गई और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नहीं रोकी गई, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेगी। मुख्यमंत्री का पुतला दहन प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान “बिजली दर वृद्धि वापस लो”, “जनता पर अत्याचार बंद करो” और “वादा खिलाफी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। बिजली उत्पादन में अग्रणी, फिर भी महंगी बिजली कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। इसके बावजूद प्रदेश के उपभोक्ताओं को महंगी बिजली और अनियमित आपूर्ति की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जो सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है।
<
