![]()
बस्तर की आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम को कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर राज्यसभा सांसद बनाया है। दोबारा सांसद बनने के बाद वो कोंडागांव पहुंचीं। उनके नगर आगमन पर फरसगांव में कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी और फरसगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भव्य स्वागत किया। केसकाल फरसगांव पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े, मांदरी नाचा और पटाखों के साथ उनका स्वागत किया। उन्हें रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां फूलमालाओं और गुलदस्तों से उनका अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने लड्डू से तौलकर अपनी खुशी व्यक्त की। फूलो देवी नेताम ने कहा कि वह बस्तर की बेटी और बहू हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वह जनपद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और राज्यसभा सांसद बनीं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को एक बार फिर राज्यसभा सांसद बनने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया। सांसद ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, सचिन पायलट, दीपक बैज, भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की जनता, सभी कांग्रेसजनों और महिला कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी-सदस्य को भी धन्यवाद दिया। नेताम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पार्टी है। एक साधारण आदिवासी परिवार की बेटी होने के बावजूद, कांग्रेस पार्टी के कारण ही वह राजनीति में इतने बड़े मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
<
