![]()
राजधानी रायपुर में इन दिनों फर्जी ई-चालान मैसेज और नकली वेबसाइट/एप्लीकेशन के जरिए साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को चालान के नाम पर डराकर उनसे ऑनलाइन पेमेंट करवाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, ठग अनजान नंबरों से SMS या व्हाट्सएप के जरिए लिंक भेजते हैं, जिसमें वाहन का लंबित चालान बताकर तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। कई बार ये लिंक बिल्कुल असली वेबसाइट जैसे दिखते हैं, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ जाते हैं और अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल साझा कर देते हैं। अधिकृत वेबसाइट-ऐप से करें भुगतान अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वाहन के पेंडिंग ई-चालान का भुगतान केवल भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in/ या NextGen mParivahan App के जरिए ही करना चाहिए। इन प्लेटफॉर्म पर भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगता, जबकि थर्ड पार्टी एप या वेबसाइट पर भुगतान करने से अतिरिक्त चार्ज भी देना पड़ सकता है। अंजान नंबरों से आए लिंक को ना करें क्लिक पुलिस ने नागरिकों को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। अंजान नंबरों से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और केवल अधिकृत सेंडर आईडी जैसे BV-VAAHAN-G, BT-VAAHAN-G, BH-VAAHAN-G, BM-VAAHAN-G या BZ-VAAHAN-G से आए संदेशों पर ही भरोसा करें। इसके अलावा वेबसाइट की स्पेलिंग ध्यान से जांचें, क्योंकि नकली वेबसाइट असली जैसी दिख सकती हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात, किसी भी स्थिति में अपना OTP किसी के साथ साझा न करें, भले ही सामने वाला खुद को अधिकारी ही क्यों न बताए। साथ ही किसी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तुरंत भुगतान करने से बचें और पहले चालान को अधिकृत प्लेटफॉर्म पर वेरिफाई जरूर करें। धोखाधड़ी होने पर करें शिकायत: पुलिस यदि किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी हो जाती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने बैंक को तुरंत सूचित करें, ताकि ट्रांजैक्शन को रोका जा सके। रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में NextGen mParivahan App इंस्टॉल करें और इसी के जरिए ई-चालान चेक व भुगतान करें। यह सुरक्षित प्लेटफॉर्म है और इसमें वाहन से जुड़े सभी दस्तावेज भी डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जा सकते हैं।
<
