![]()
अंबिकापुर के राम मंदिर के सामने गली में संचालित मुकेश प्लास्टिक व पटाखा दुकान में भीषण आगजनी के मामले में कांग्रेस ने संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने एवं प्रभावितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने कहा कि संकरी गली में अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किया गया था। आसपास के जिन लोगों को क्षति हुई है, उन्हें मुआवजा दिलाए जाने की मांग भी रखी है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि 23 अप्रैल की दोपहर अंबिकापुर शहर के सघन आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में स्थित मुकेश प्लास्टिक और पटाखा दुकान में भीषण आगजनी हुई। संकरी गली में स्थित इस संस्थान के द्वारा भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ था। इस भवन का उपयोग प्लास्टिक के वस्तुओं के भंडारण के लिए किया जा रहा था। बेहद ज्वलनशील इन पदार्थों में हुई आगजनी के कारण न केवल यह संस्थान पूरी तरह तबाह हो गया, साथ ही पडोस के कई आवासीय एवं व्यवसायिक संस्थानों को गंभीर क्षति भी हुई। तत्काल दर्ज करें FIR, गिरफ्तारी की भी मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले में तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर संचालकों की गिरफ्तारी की जाए। मुकेश प्लास्टिक और पटाखा जैसे कई लाक्षागृह इस शहर में मौजूद हैं। उनकी पहचान कर उन्हें शहर से बाहर निकाला जाये। कांग्रेस ने मांग की है कि एक विशेषज्ञ की टीम गठित कर इस आगजनी में प्रभावित परिवारों के मुआवजे का निर्धारण करवाकर समय सीमा के भीतर मुआवजे का वितरण दोषी संस्थान के संचालकों से कराया जाए। मंत्री के बयान पर भड़के कांग्रेस जिलाध्यक्ष
मंत्री राजेश अग्रवाल के द्वारा इस मामले में की गई बयानबाजी पर आपत्ति दर्ज करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा है कि उन्हें इस शहर की जनता ने अपना जनप्रतिनिधि चुना है न कि मुकेश प्लास्टिक और पटाखा वाले संचालक ने। उन्हें शहर के जनता के प्रति अपने उत्तरदयित्वों का न केवल निर्वाह करना चाहिए बल्कि ऐसा करते हुए स्पष्ट रुप से दिखना भी चाहिए। ऐसा करने के बजाय वे एक दोषी व्यवसायी के साथ अपने संबंधों को निभा रहे हैं, जो खेदजनक है। मंत्री राजेश अग्रवाल आगजनी के दौरान मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि गोदाम में पटाखे नहीं थे, अन्यथा पूरा इलाका उड़ जाता। दमकल व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में यह मांग की है कि अंबिकापुर शहर की बढती आबादी, भवनों की उॅंचाई, मार्ग एवं गलियों की चौडाई को देखते हुए दमकल विभाग को संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान बीसीसी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिनेश शर्मा, परवेज आलम गांधी मौजूद थे। 5 घरों को क्षति, 48 घंटे बाद भी सुलग रही आग
मुकेश प्लास्टिक हाउस में लगी भीषण आग में पांच घरों को नुकसान पहुंचा है, इनमें प्रमोद पांडेय, प्रताप पांडेय, प्रफुल्ल पांडेय, उमैद दराज अली एवं हैदर शब्बीर के घर को नुकसान पहुंचा है। 48 घंटे बाद भी मुकेश प्लास्टिक हाउस के अंदर से लपटें निकल रही हैं। आगजनी के बाद दोनों गलियों की बिजली बहाल नहीं हो सकी है। लोग इससे भी परेशान हैं। आगजनी लिफ्ट में गैस बेल्डिंग के दौरान चिंगारी से निकली आग के कारण फैली। इसके बाद गैस बेल्डिंग के सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग भयावह होकर बेकाबू हो गई। मामले की जांच के लिए कलेक्टर ने विशेष जांच टीम बनाई है। वहीं नगर निगम द्वारा भी पक्ष-विपक्ष के पार्षदों की टीम बनाई गई है।
<
