![]()
पेंड्रा नगर पालिका में यातायात व्यवस्था सुधारने की मुहिम के दौरान विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक अधूरा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नगर पालिका कर्मचारियों पर सब्जी फेंकने के आरोप लगाए जा रहे थे। इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने सच्चाई स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि किसी भी कर्मचारी ने सब्जी नहीं फेंकी, जब कर्मचारी व्यापारियों को बाउंड्री से सटकर बैठने और व्यवस्था बनाने का निर्देश दे रहे थे, तो एक सब्जी विक्रेता ने आक्रोशित होकर खुद ही अपनी सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। राकेश जालान ने कहा कि यदि किसी के पास कर्मचारी की ओर से सब्जी फेंकने का वीडियो हो तो उसे जारी करें, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सब्जी विक्रेताओं के साथ बैठक नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सब्जी विक्रेताओं के साथ बैठक कर बात हो गई है। उन्होंने जोर दिया कि नगर की व्यवस्था बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें सामंजस्य बनाकर कार्य करना प्राथमिकता है। वायरल वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने जिस व्यक्ति को सब्जियां फेंकते हुए देखा गया, वह खुद एक व्यापारी बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने अभद्र व्यवहार करते हुए खुद ही सब्जियां फेंकना शुरू कर दिया, जबकि नगर पालिका के कर्मचारी केवल किनारे खड़े थे।
<
