![]()
दुर्ग में सोशल मीडिया पर दिखावा और हथियार के साथ रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। नई स्कूटी पर बैठकर सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन करने और हाथ में खंजरनुमा हथियार लेकर रील बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने युवक का जुलूस निकाला और कान पकड़वाकर उठक-बैठक भी करवाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इलाके में धारदार हथियार लहराकर लोगों के बीच डर का माहौल बना रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। 6 जून का है वायरल वीडियो
बताया जा रहा है की वायरल वीडियो 6 जून की रात का है। स्कूटी पर बैठकर हाथों में खंजर लेकर बर्थडे सेलिब्रेशन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को पकड़ा है। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम नितिन कुमार डहरिया उर्फ बंटी (28) निवासी ग्राम दादर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से लोहे का एक धारदार दांतेदार हथियार मिला। राहगीरों को भी डरा-धमका रहा था आरोपी
पुरानी भिलाई पुलिस को 6 जून को सूचना मिली थी कि दादर रोड पुलिया के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर खड़ा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा हथियार के साथ रील बनाकर उसका प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हथियार रखने का कोई दस्तावेज नहीं मिला
पुलिस ने जब आरोपी से हथियार रखने से जुड़ी अनुमति या दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 14 इंच लंबा लोहे का धारदार दांतेदार हथियार जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 300 रुपए बताई गई है।
<
