भास्कर न्यूज | जांजगीर पामगढ़ विकासखंड के ग्राम बरागांव के किसान कुंवर सिंह मधुकर ने फसल विविधीकरण अपनाकर खेती को मुनाफे का माध्यम बना दिया है। मंगलवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उनके खेत पहुंचकर मॉडल का निरीक्षण किया और पहल की सराहना की। किसान ने 18 एकड़ में धान छोड़कर बागवानी, मसाला और सब्जी फसलों का उत्पादन शुरू किया है। खेत में कटहल के 250, नींबू के 850 और एप्पल बेर के 100 पौधे लगाए गए हैं। इसके साथ ही काली मिर्च के 300 और सागौन के 1700 पौधे रोपे गए हैं। सब्जी फसलों में कुंदरू, परवल, खीरा, लौकी और डोडका का उत्पादन किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि इस तरह के मॉडल से किसान कम लागत में ज्यादा लाभ कमा सकते हैं और पारंपरिक खेती से बाहर निकलकर नए विकल्प अपनाने चाहिए।
<
