भास्कर न्यूज|बालोद बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमरुवा में नशे में प्रमोद देवांगन (31) ने तलवार निकालकर अपने पिता गणेश देवांगन (59) और मां कुमारी बाई देवांगन (55) पर जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि तलवार नुकीला व धार नहीं होने से दोनों की जान बच गई। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि पूजा कक्ष में रखी तलवार से आरोपी ने हमला किया है। घटना के बाद आरोपी खुद भी बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से देर शाम तक आरोपी अस्पताल मंे भर्ती रहा। वहीं घायल दंपती को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 8 बजे प्रमोद देवांगन नशे की हालत में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वह पूजा कक्ष में गया और वहां रखी तलवार निकालकर अपने पिता गणेश देवांगन और मां कुमारी बाई देवांगन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में गणेश देवांगन के दाहिने हाथ की तीन उंगलियां कट गईं और सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं कुमारी बाई देवांगन को भी सिर और हाथ में गहरी चोटें लगी हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। घायल गणेश देवांगन के अनुसार आरोपी उनका बड़ा बेटा है, जो बालोद के एक ईंट भट्ठे में काम करता है और औराभाठा में रहता है। परिवार में शादी के कारण वह गांव जमरुवा आया हुआ था। अचानक नशे में वह गाली-गलौज करते हुए आया और बिना किसी वजह के तलवार से हमला करने लगा। हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
<
