![]()
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पद्मश्री फूलबासन बाई यादव की किडनैपिंग मामले में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन पर फुलबासन यादव से बात कर उनका हालचाल जाना। घटना 5 मई को मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे गठुला रोड क्षेत्र में हुई। महिला समेत 4 लोगों ने फोटो खिंचवाने के बहाने उन्हें घर से बाहर बुलाया, फिर उनके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह पर गमछा बांधकर कार में बैठा लिया, लेकिन भागते समय पुलिस की रूटीन चेकिंग में पकड़े गए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने बताया कि, मरीज को मिर्गी का दौरा पड़ा है, उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं। लेकिन एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया और शक होने पर मुख्य आरोपी महिला खुशबू साहू समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सुकुलदैहान चौकी इलाके की है। वहीं कांग्रेस ने गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की है। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा निवासी खुशबू साहू अपने चार साथियों (एक महिला और तीन पुरुष) के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे फूलबासन बाई (56) के घर पहुंची। उन्होंने ‘जरूरी चर्चा’ का बहाना बनाकर फूलबासन बाई को घर से बाहर बुलाया। उनके साथ फोटो खिंचवाने और बर्थडे मनाने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया। कार के आगे बढ़ते ही आरोपियों ने फूलबासन बाई के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर गमछा लपेट दिया, जिससे वे शोर न मचा सकें। किडनैपर्स खैरागढ़ के रास्ते से भागने की कोशिश कर रहे थे। चिखली पुलिस चौकी के पास रूटीन चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने शक होने पर उनकी कार (CG08/Z/2334) को रोक दिया। ‘मिर्गी’ पड़ने का बहाना बनाया पुलिस को देखकर आरोपियों ने बताया कि, गाड़ी में बैठी महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा है। वे उन्हें हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। हालांकि, चेकिंग कर रहे एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया। उनकी हालत देखकर पुलिस का शक गहराया। इसी बीच फुलबासन यादव ने पुलिस को इशारा किया कि उन्हें मदद की जरूरत है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और उन्हें सुरक्षित छुड़ा लिया। सभी आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। दूसरे कामों को लेकर फुलबासन पर दबाव बनाने का आरोप पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने पद्मश्री फुलबासन यादव को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठा लिया था। इसके बाद उन्हें मिर्ची स्प्रे दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। बताया गया कि आरोपी उनसे महिला समूह और दूसरे कामों को लेकर गलत दबाव बना रहे थे। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी, मोबाइल और मिर्ची स्प्रे भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा इस मामले में बेमेतरा और दुर्ग जिले के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनमें खुशबू साहू (27), सलोनी महेश्वरी, दिनेश बंजारे (35), गोपाल खेलवार (25, दुर्ग) और चिनक राम साहू (38) शामिल हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
<
