सूने मकान से 60 लाख की चोरी करने वाले गिरफ्तार:सोने-चांदी के जेवर और कैश ले गए थे आरोपी, CCTV फुटेज से पकड़ाए आदतन चोर

![]()
राजधानी रायपुर के अरिहंत नगर सरोना में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 60 लाख रुपए की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी घर की आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान ले गए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा माल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपी पहले भी चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। जानिए क्या है पूरा मामला अरिहंत नगर के रहने वाले रविकांत गुप्ता 28 जुलाई को घर में ताला लगाकर परिवार के साथ बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर आमानाका पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की थी। इस तरह पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों की हजारों रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही की जानकारी जुटाकर उनकी जांच की। साथ ही पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने करण तांडी उर्फ केडे (21) और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19) को गिरफ्तार किया। पहले करते रहे इनकार, फिर कबूली चोरी पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शुरुआत में वारदात में शामिल होने से इनकार किया और टीम को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, सबूतों के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य चोरी का सामान, साथ ही घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई गई है। आदतन अपराधी हैं आरोपी पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पंडरी थाने में पहले से चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी लक्ष्मी नारायण के खिलाफ 12 जुलाई को दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस में AC के कॉपर वायर चोरी का मामला भी दर्ज हुआ था। इस केस के बाद से वह फरार चल रहा था। अब पुलिस इस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
Source link




