![]()
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी में नारियल खरीदने को लेकर हुए विवाद में पिता और बेटे पर धारदार कैंची से हमला कर दिया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। बेटी अपनी घायल पिता को बचाने के लिए गुहार लगाती रही। घटना 4 मई की रात करीब 8 बजे की है। रूपचंद केवट ने पुलिस को बताया कि, जब वह काम से लौट रहे थे, तब उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई रूपेश केवट और पिता मनहरण केवट पर मोहल्ले के ही ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास ने हमला कर दिया है। मौके पर पहुंचने पर रूपेश और मनहरण मेडिकल स्टोर के सामने बेहोश पड़े मिले। मनहरण की पीठ से खून बह रहा था। दोनों घायलों की हालत गंभीर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। नारियल खरीदने को लेकर विवाद बताया जा रहा है कि, विवाद की शुरुआत नारियल खरीदने को लेकर गांपा बाई श्रीवास से हुई थी। उसका बेटा ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने चाकू जैसी कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे रूपेश के होंठ, भुजा, सीने और पेट पर, जबकि मनहरण की पीठ पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने जुर्म दर्ज किया घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 118(1), 3(5) के तहत केस दर्ज कर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि, फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद बाकी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। मामले की जांच जारी है।
<
