गोधना| ग्राम पंचायत गोधना के शांति मोहल्ला में नहर किनारे रखे पैरे में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। आगजनी में ग्रामीण दुर्गेश साहू को भारी नुकसान हुआ है। दुर्गेश साहू ने बताया कि शनिवार शाम उनके घर के पास नहर किनारे खेत में पशुओं के चारे के लिए पैरा रखा हुआ था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने खेत में आग लगा दी। आग तेजी से फैलते हुए पैरे तक पहुंच गई और देखते ही देखते करीब 7 ट्रैक्टर पैरा जलकर राख हो गया। घटना के समय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस आगजनी में पशुओं के चारे का बड़ा नुकसान हुआ है, जिससे पीड़ित को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। पीड़ित ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और पैरे में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
<
