नरोला राशन घोटाला: 348 क्विंटल कमी मिली लेकिन एफआईआर अब तक नहीं

![]()
भास्कर न्यूज | प्रतापपुर जनपद पंचायत प्रतापपुर की ग्राम पंचायत नरोला की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण घोटाले का मामला गरमा गया है। विभागीय जांच में 348 क्विंटल चावल, शक्कर, चना की कमी और अनियमितता सामने आई। इसके बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर सूरजपुर के निर्देश के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालन से जुड़े गोविंदपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मरावी का नाम सामने आने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किए। ग्रामीणों ने कहा कि पूरे गांव का एक महीने का राशन गोलमाल कर दिया गया। कई लोगों का अंगूठा लगवाया गया। चावल नहीं दिया गया। ग्रामीण कई महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। मामला कलेक्टर सूरजपुर के संज्ञान में आने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दुकान की जांच की थी। जांच में कमी मिलने पर संबंधित समिति को निलंबित किया गया। नोटिस जारी हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में घोटाला सामने आने के बाद भी मामला एफआईआर तक नहीं पहुंचा। कलेक्टर के निर्देश का पालन भी खाद्य विभाग ने नहीं किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गड़बड़ी करने वालों के हौसले बढ़े हैं। सेल्समेन पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई। राजनीतिक संरक्षण की बात भी कही जा रही है।
Source link




