नगरदा वॉटरफॉल में हादसा, पहाड़ से फिसलकर युवक की मौत:सिर-फेफड़े और लीवर में आईं गंभीर चोटें; अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

![]()
सक्ती जिले के नगरदा वॉटरफॉल में मंगलवार को पिकनिक मनाने आए एक युवक की पहाड़ से फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ वॉटरफॉल घूमने और स्नान करने आया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण वॉटरफॉल की चट्टानों पर काई जम गई थी। इसी वजह से युवक का पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोस्तों ने युवक को तुरंत चांपा के बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया। सिर, फेफड़े और लीवर में आईं गंभीर चोटें बीडीएम अस्पताल के डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम में युवक के सिर, फेफड़े और लीवर में गंभीर अंदरूनी चोटें मिलीं। डॉक्टरों के अनुसार, चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। एक सप्ताह में पिकनिक स्पॉट पर दूसरी मौत गौरतलब है कि सक्ती जिले के पिकनिक स्थलों पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा में दुर्ग जिले के छावनी निवासी प्रतीक कंवर की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी। प्रशासन की अपील के बावजूद लोग उठा रहे जोखिम लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद लोग बारिश के मौसम में वॉटरफॉल और अन्य पिकनिक स्थलों पर पहुंच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से नदी, वॉटरफॉल और अन्य खतरनाक स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। बारिश में फिसलन वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपनी और अपने साथियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, फिसलन वाले स्थानों से दूर रहने और बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।
Source link




