![]()
मुंगेली जिले में धान खरीदी केंद्र में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पथरिया थाना पुलिस ने 66 लाख रुपये से ज्यादा की हेराफेरी के आरोप में केंद्र प्रभारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला वर्ष 2025-26 के धान खरीदी सत्र का है, जो 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चला था। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा सरगांव के कर्मचारी मोहर दास आर्य की शिकायत पर जांच शुरू हुई। 2156 क्विंटल धान गायब, जांच में खुली पोल धरदेई धान उपार्जन केंद्र में कार्तिक राम ध्रुव प्रभारी और संदीप दुबे कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात थे। जांच टीम ने पड़ताल की तो केंद्र में 2156.08 क्विंटल धान की कमी पाई गई। 66.83 लाख की आर्थिक क्षति, रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी जांच रिपोर्ट के मुताबिक, गायब धान की अनुमानित कीमत 66,83,848 रुपये आंकी गई। आरोपी ने पद का दुरुपयोग करते हुए खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही बरती और रिकॉर्ड में भी हेरफेर किया। इससे शासन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। नांदघाट से दबोचा गया आरोपी शिकायत के बाद पथरिया थाने में केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। 26 अप्रैल को मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से आरोपी कार्तिक राम ध्रुव को नांदघाट, बेमेतरा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कबूला जुर्म, जेल भेजा गया पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद धान खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर समेत जरूरी दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी कार्तिक राम ध्रुव (53) को गिरफ्तार कर 27 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल फरार लोगों की तलाश जारी है।
<
