![]()
रायपुर के धरसीवा जनपद क्षेत्र के सारागांव में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जनपद पंचायत सदस्य द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि नल-जल योजना के तहत पानी टंकी और पाइपलाइन बिछाने का कार्य वर्षों पहले किया गया था, लेकिन आज तक जल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में उल्लेख है कि पानी टंकी तक सप्लाई के लिए पाइपलाइन तक नहीं डाली गई है और जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई गई थी, वहां के गड्ढे भी नहीं भरे गए हैं। इससे रोज दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से की मांग जनप्रतिनिधि मनहरण वर्मा ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर जलसंसाधन विभाग और संबंधित इंजीनियरों से कई बार चर्चा की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था शुरू कर पाइपलाइन के गड्ढों को भरा जाए।
<
