![]()
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने 84 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। 8785 के लक्ष्य में 7417 बालिकाओं का टीकाकरण जिले में कुल 8785 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध अब तक 7417 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए हैं। छूटी बालिकाओं तक पहुंचने विशेष अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण से वंचित पात्र बालिकाओं तक पहुंचने के लिए विशेष फॉलोअप अभियान चलाया जा रहा है। विकासखंडवार नियमित समीक्षा कर उन क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां टीकाकरण की गति अपेक्षाकृत कम रही। ऐसे क्षेत्रों में विशेष टीमों को भेजकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। एएनएम, मितानिन और शिक्षकों की रही अहम भूमिका अभियान की सफलता में एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी ने घर-घर जाकर अभिभावकों को एचपीवी टीके के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता बैठकें, पालक-शिक्षक बैठकें और सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे लोगों में टीकाकरण को लेकर सकारात्मक जागरूकता बढ़ी। अब प्रदेश में प्रथम स्थान का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित किया है। आगामी मूल्यांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उद्देश्य से सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
<
