टॉप न्यूज़

धमतरी के शिव मंदिर में करंट से युवक की मौत:अलग-अलग घटनाओं में कोटवार, दिव्यांग समेत तीन और ने गंवाई जान




छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें एक युवक की शिव मंदिर की छत पर सफाई के दौरान करंट लगने से जान चली गई। वहीं, एक कोटवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, एक दिव्यांग को सांप ने डस लिया और एक अन्य युवक अपने बिस्तर पर अचेत पाया गया। पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लालबगीचा वार्ड का है। यहां एक सैलून चलाने वाले युवक की शिव मंदिर की छत पर करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के भाई दुलेश्वर सेन ने बताया कि उन्हें ड्यूटी के दौरान घटना की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। दुलेश्वर सेन ने बताया कि आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि उनका भाई मोहल्ले के शिव मंदिर की छत पर सफाई करने चढ़ा था, तभी उसे करंट लग गया। उन्होंने मंदिर समिति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। काशीपुरी निवासी 48 वर्षीय संतराम देवदास, जो कोटवार थे, 27 जुलाई को अपनी मोटरसाइकिल से पुरी के पेट्रोल पंप गए थे। वापस लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 1 अगस्त को हालत बिगड़ने पर उन्हें रेफर किया गया, लेकिन बाद में जिला अस्पताल वापस लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीसरा मामला भी अर्जुनी थाना क्षेत्र से है। ग्राम परेवाडीह के 43 वर्षीय विक्रम कुमार साहू, जो पैर से दिव्यांग थे, अपने घर में सोए हुए थे तभी उन्हें सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान विक्रम कुमार ने दम तोड़ दिया। चौथी घटना भखारा थाना क्षेत्र की है। ग्राम भेंड्रा निवासी 38 वर्षीय टूकेश विश्वकर्मा शराब पीने के आदी थे। देर रात खाना खाकर सोने के बाद सुबह परिजनों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button