![]()
कोरबा के दीपका नगर पालिका परिषद में चल रहे विकास कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपका के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दीपका क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाए जा रहे पोल के कार्यों में व्यापक भ्रष्टाचार किया जा रहा है। दिलीप सिंह ने बताया कि प्रकाश पोल स्थापना का कार्य स्वीकृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) के विपरीत और गुणवत्ताहीन तरीके से हो रहा है। इस संबंध में पार्षद कमलेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने इंजीनियर को तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जांच कमेटी द्वारा रिपोर्ट जमा नहीं की गई है और न ही इसकी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है। अध्यक्ष दिलीप सिंह ने आरोप लगाया कि जांच रिपोर्ट की जानकारी न तो वार्ड पार्षदों को दी जा रही है और न ही जनप्रतिनिधियों व दीपका की आम जनता को। संबंधित अधिकारी संतोषजनक जवाब देने से बच रहे हैं। वार्डों में निविदा राशि बढ़ोतरी पर भ्रष्टाचार के आरोप उन्होंने बताया कि विभिन्न वार्डों 1, 4, 5, 6, 10, 11 में निविदा राशि में 22 लाख रुपए की अतिरिक्त वृद्धि की गई है, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। दिलीप सिंह ने नल-जल योजना में लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को पीने का पानी न मिलने और साफ-सफाई व निर्माण कार्यों में मनमानी का भी आरोप लगाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भ्रष्टाचार की यह जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए ताकि दीपका की जनता को सच्चाई का पता चल सके। कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर पोल और केबल कार्य की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर पालिका का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान होने वाले किसी भी जन-आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
<
