![]()
बेमेतरा में बेमेतरा-कवर्धा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार को कारेसरा मोड़ के पास सड़क हादसा हुआ। इसमें साइकिल से ससुराल जा रहे पति-पत्नी को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने तक दोनों बेहोश थे। घायलों की पहचान रामान निषाद और उनकी पत्नी विद्या निषाद के रूप में हुई है। वे ग्राम बेहरघाट से अपने ससुराल जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। फिलहाल दोनों का रायपुर में इलाज चल रहा है।
<
