भास्कर न्यूज | राजपुर जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डांडखडुवा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजना जमीनी स्तर पर विफल होती नजर आ रही है। करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए स्टैंड पोस्ट और पानी की टंकी आज बेकार पड़ी हैं, जबकि ग्रामीणों को अब भी पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्राम निवासी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि योजना के संचालन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। समस्या को लेकर कई बार विभागीय कर्मचारियों और ठेकेदार के प्रतिनिधियों को फोन के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन वर्तमान में यह केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। इससे शासन के धन के दुरुपयोग के साथ ही लोगों की उम्मीदों को भी ठेस पहुंची है। जिम्मेदार से मिला जल्द समाधान का आश्वासन प्रभारी कार्यपालन अभियंता सीबी सिंह ने कहा कि वे 28 तारीख तक ही बलरामपुर में पदस्थ थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या से वर्तमान कार्यपालन अभियंता को अवगत कराकर जल्द समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि योजना को जल्द सुचारू रूप से चालू कराया जाए, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके।
<
