रामानुजनगर | गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत रामानुजनगर में गौवंश संरक्षण और सम्मान को लेकर खंड स्तरीय आवेदन सौंपा। यह आवेदन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम तहसील स्तर के माध्यम से प्रेषित किया, जिसमें केंद्र सरकार से गौवंश के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। आवेदन में देशभर के गौभक्तों, संत समाज और नागरिकों की ओर से गौवंश की सुरक्षा, संवर्धन और सम्मान के लिए सशक्त कानून बनाने, गौपालन मंत्रालय की स्थापना और राष्ट्रीय स्तर पर विशेष संरक्षण देने की जरूरत बताई। इसमें वर्तमान समय में गौवंश की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए तस्करी, दुर्घटनाएं और संरक्षण की कमी जैसे मुद्दों पर चिंता जताई। साथ ही गौ आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, गोबर और गोमूत्र के उपयोग से प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में गौशाला या आश्रय केंद्र स्थापित करने और घायल गौवंश के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था विकसित करने की मांग भी शामिल रही। शिक्षा में गौ विज्ञान को पाठ्यक्रम में शामिल करने और गोचर भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
<
