Uncategorized

कस्टम मिलिंग घोटाले में ED ने प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के दस्तावेजों की जांच शुरू की, राज्य सरकार ने सौंपे 350 पेज

छत्तीसगढ़ के कथित कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के फैसले से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने ED को करीब 350 पेज के दस्तावेज सौंपे हैं। इन दस्तावेजों में नोटशीट, बैठकों के रिकॉर्ड, पत्राचार और राइस मिलर्स एसोसिएशन की ओर से दिए गए आवेदन शामिल हैं।

ED के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में कस्टम मिलिंग का प्रोत्साहन 40 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए प्रति क्विंटल किया गया था। जांच में सामने आया कि इस राशि में से 2 किस्तों में मिलर्स से 20-20 रुपए प्रति क्विंटल की कथित अवैध वसूली की गई। मिलर्स के बिलों का भुगतान रोककर कथित तौर पर वसूली के लिए दबाव बनाया जाता था।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, मनोज कथित तौर पर वसूली के सिंडिकेट को ऑपरेट करता था। वहीं रामगोपाल को कथित तौर पर वसूली की रकम संभालने वाला प्रमुख व्यक्ति बताया गया है। जांच से जुड़े आरोपों में यह भी कहा गया है कि मिलर्स से कथित तौर पर वसूली गई रकम का एक हिस्सा कांग्रेस भवन तक पहुंचाया जाता था।

ED की जांच में तत्कालीन मार्कफेड एमडी मनोज सोनी और छत्तीसगढ़ स्टेट राइस मिलर्स एसोसिएशन के तत्कालीन कोषाध्यक्ष रोशन चंद्राकर की भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। एजेंसी के मुताबिक, जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन से कथित वसूली की जानकारी जिला विपणन अधिकारियों तक पहुंचती थी और भुगतान के लिए बिलों का मिलान किया जाता था।

ED ने 2024 में दोनों को गिरफ्तार किया था और बाद में मामले में अभियोजन शिकायत भी पेश की। स्पेशल कोर्ट ने इस पर एक्शन लिया था। एजेंसी के अनुसार, प्रोत्साहन राशि बढ़ने के बाद कथित किकबैक से 100 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जुटाई गई थी।

अब राज्य सरकार से मिले दस्तावेजों के जरिए ED यह जांच रही है कि 40 से 120 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया गया और इसकी प्रक्रिया में कौन-कौन से अधिकारी, संस्थाएं शामिल थीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

घोटाले का राज कैसे खुला, इस पर गौर करें तो 2023 में ED को शिकायत मिली थी कि छत्तीसगढ़ में बड़ी तादाद में कस्टम मिलिंग घोटाला हुआ है। इसके बाद अक्टूबर 2023 में ED की टीम ने मार्कफेड के तत्कालीन एमडी मनोज सोनी के खुशी वाटिका स्थित घर और प्रदेश के कुछ राइस मिलर्स के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 2 दिन की जांच के बाद ED के अफसरों ने खुलासा किया कि मनोज सोनी ने करोड़ों की रिश्वत ली है। मार्कफेड के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के राइस मिलर्स को कस्टम मिलिंग का भुगतान करने के नाम पर 140 करोड़ से ज्यादा की वसूली की है।

ED के खुलासे के बाद EOW ने कस्टम मिलिंग घोटाले में 29 जनवरी 2024 को पहली FIR दर्ज की। इसमें रोशन चंद्राकर, प्रीतिका, रिटायर सीनियर IAS अनिल टुटेजा, एजाज ढेबर, सिद्धार्थ सिंघानिया, रामगोपाल अग्रवाल के नाम शामिल हैं। EOW की जांच में पता चला कि कस्टम मिलिंग राशि मिलर्स को देने के नाम पर वसूली की गई है।

2020-21 से पहले कस्टम मिलिंग के बदले मिलर्स को प्रति क्विंटल 40 रुपए भुगतान किया जाता था। मिलर्स की मांग पर कांग्रेस सरकार ने इस राशि को 3 गुना बढ़ाया। इसके बाद मिलर्स को मार्कफेड से 40 रुपए की जगह 120 रुपए भुगतान किया जाने लगा। राशि बढ़ने पर मार्कफेड के अधिकारियों ने प्रति क्विंटल 20 रुपए ‘कट’ लेना शुरू किया। जो मिलर्स ‘कट’ देते थे, उनका भुगतान कर दिया जाता था, जो कट नहीं देते थे, उनका पैसा रोक दिया जाता था। इस पैटर्न पर मार्कफेड के अधिकारियों ने प्रदेश के 2700 मिलर्स से 140 करोड़ से ज्यादा की उगाही कर ली।

कस्टम मिलिंग, डीओ काटने, मोटा धान को पतला, पतले धान को मोटा करने, एफसीआई को नान में कंवर्ट करने का पैसा लिया जाता था। मनोज सोनी और उनके सहयोगियों का खेल 2 साल से चल रहा था। इस खेल में मार्कफेड के अफसर और छत्तीसगढ़ स्टेट इन मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी शामिल थे।

जिन राइस मिलर्स ने रिश्वत दी, उन्हें फौरन भुगतान किया जाता था। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने कमीशन वसूली का जिम्मा राइस मिलर्स को दिया था। वसूली का पैसा सीधे उनके पास आता था। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रोशन ने एमडी मनोज सोनी के साथ मिलकर प्रति क्विंटल 20 रुपए रिश्वत ली है। यह मार्कफेड के जिला अधिकारी को दी गई, जो उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई। जिन राइस मिलर्स ने रिश्वत दी थी, एमडी ने तुरंत उनके बिलों का भुगतान कर दिया था।

EOW ने खुलासा किया था कि कमीशन के पैसे से सोनी और रोशन का परिवार कई बार टूर पर गया। इसमें कश्मीर टूर भी शामिल था। टिकट से ठहरने तक की व्यवस्था रोशन ने की थी। दोनों ने कई जगह प्रॉपर्टी में निवेश किया है। ईओडब्ल्यू को प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी मिले हैं। वसूली से मनोज ने 15.44 करोड़ की अवैध आय अर्जित की है।

6 मार्च 2023 को विधानसभा में बीजेपी विधायक शिवरतन शर्मा ने कस्टम मिलिंग में प्रति टन 20 रुपए वसूली का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जो मिलर्स वसूली देते हैं, उनको ही भुगतान होता है। इसके बाद तत्कालीन मंत्री मोहम्मद अकबर ने सबूत मांगा था और सदन में जमकर हंगामा हुआ था।

इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… कोयला लेवी केस, भिलाई में सूर्यकांत तिवारी का मकान सील: करीबी मनीष उपाध्याय के नाम कराई थी रजिस्ट्री; IT ने ढोल बजाकर कराई मुनादी। छत्तीसगढ़ में कोयला लेवी मामले से जुड़ी संपत्तियों पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बेनामी संपत्ति प्रभाग रायपुर की टीम ने भिलाई के कोहका स्थित सूर्या रेसीडेंसी के मकान नंबर A-1 को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। यह मकान सूर्यकांत तिवारी के करीबी बताए जाने वाले मनीष उपाध्याय से जुड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button