![]()
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में जांजगीर-चांपा जिले को 295 करोड़ रुपए से अधिक के 341 विकास कार्यों की घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के इन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं, 224.90 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 182 नए कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। सीएम साय ने बताया ऐतिहासिक दिन इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह जांजगीर-चांपा जिले के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लोगों का जीवन अधिक सुगम होगा और विकास की नई संभावनाएं सृजित होंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होते, बल्कि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है, और इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लोकार्पित किए गए कार्यों में जल संसाधन, वन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं। भूमिपूजन किए गए कार्यों में जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की परियोजनाएं प्रमुख हैं।
<
