![]()
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत पुटपुरा के विजयापारा वार्ड क्रमांक 19 और 20 के ग्रामीण बिजली व्यवस्था की बदहाली से परेशान हैं। सोमवार को उन्होंने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या बताई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह माह से ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि विजयापारा में ट्रांसफॉर्मर पिछले छह माह से खराब पड़ा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली नहीं आ रही है। इसके अलावा कई बिजली के खंभे झुककर गिर चुके हैं और तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। कुछ स्थानों पर तार पूरी तरह जल चुके हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गर्मी में ग्रामीण परेशान उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से पूरे मोहल्ले में बिजली गुल है। गर्मी के इस मौसम में बिजली न होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल, पंखे और कूलर जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं। आंदोलन की दी चेतावनी ग्रामीणों का कहना है कि वे इस संबंध में कई बार लिखित आवेदन देकर विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया, जले हुए तारों को नहीं बदला गया और बिजली के खंभों की मरम्मत नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने विद्युत कार्यालय का घेराव करने की भी चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की है।
<
