भास्कर न्यूज|बालोद पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात, द्रोणिका सहित 5 मौसमी सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को दोपहर 3 से शाम 4 बजे के बीच बूंदाबांदी, हल्की बौछार और शाम 6 से 7 बजे के बीच बालोद शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। कहां कितनी बारिश हुई, यह आंकड़ा बुधवार को भू-अभिलेख शाखा राजस्व, मौसम विभाग की ओर से जारी किया जाएगा। बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि इसके पहले सुबह से दोपहर तक अधिकांश समय धूप की वजह से लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार बारिश होने की वजह से अधिकतम तापमान 36 डिग्री से लुढ़ककर शाम 6.25 बजे 32 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान में चार डिग्री की गिरावट होने के बाद खुले आसमान के नीचे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। जबकि घर, ऑफिस के अंदर उमस का सामना करना पड़ा। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार इसके पहले 5 अप्रैल को बारिश हुई थी, तब एनएच सहित स्टेट हाइवे मार्ग व ग्रामीण क्षेत्र के सड़क भीगे थे। एक माह बाद ऐसी स्थिति दोबारा बनी। बारिश होने के दौरान व बाद में भी शहर सहित गांवों मंे लगभग एक घंटे तक बिजली बंद रही। मौसम में बदलाव होने के बाद झमाझम बारिश हुई मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रुप में कश्मीर और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण मध्य प्रदेश के मध्य भाग में 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक उत्तर छग होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।
<
