![]()
कोरबा में एक युवक का ट्रेलर के डाला के नीचे खतरनाक तरीके से यात्रा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एस 5346 के डाला के नीचे पैनल में बैठा एक युवक चलती गाड़ी में सफर करता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह ट्रेलर बालको से नकटीखार होते हुए उरगा की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी राहगीर ने अपने चार पहिया वाहन से इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कई यूजर्स ने वाहन चालक और युवक दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि इस तरह की यात्रा जानलेवा हो सकती है। कुछ लोगों ने वीडियो बनाने वाले से गाड़ी रुकवाकर पुलिस को सूचित करने की बात भी कही है। ड्राइवर और युवक के खिलाफ होगी कार्रवाई पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ी नंबर की पहचान कर वाहन चालक और युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाने या लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में अक्सर युवक इस तरह के जानलेवा जोखिम उठाते हैं।
<
