![]()
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छाता पाठ में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। पीड़ित मकान मालिक ओम कुमार पटेल (पिता पितम्बर पटेल) ने बताया कि उनके परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया। घर लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूने मकान से टीवी, चांदी और नकदी लेकर चोर फरार चोरों ने घर से एक टीवी, इंडक्शन चूल्हा, लगभग 30 तोला चांदी की एक जोड़ी पायल, तीन लॉकेट और 80 हजार से 1 लाख रुपए की नकदी चुरा ली। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। ओम कुमार पटेल राज मिस्त्री का काम करते हैं और उन्होंने यह सामान अपनी मेहनत की कमाई से खरीदा था। चोरी की जानकारी पड़ोसियों को भी नहीं हो सकी। मकान मालिक के गांव लौटने पर ही उन्हें घटना का पता चला। बताया जा रहा है कि छाता पाठ में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई घरों में चोरियां हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही इन वारदातों के कारण ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुष्टि की कि मकान मालिक द्वारा सूचना दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
<
