![]()
बलौदाबाजार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनसंपर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। मंगलवार को नगर भवन बलौदाबाजार में इस प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने किया। यह प्रदर्शनी 16 से 18 जून तक चलेगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। गौरीशंकर अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों में देश के विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास कार्यों और उपलब्धियों का अवलोकन करते हुए कहा कि यह आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विकास यात्रा को समझने और योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री के देश के प्रति समर्पण पर बात करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी का भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल है और उन्होंने अपने इस कार्यकाल में एक भी छुट्टी नहीं ली है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से अपील की कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रदान करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने युवाओं से इस प्रयास में सहभागी बनने का आग्रह किया। प्रदर्शनी में पिछले 12 सालों में देश और राज्य में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को तस्वीरों और जानकारी के जरिए दिखाया गया। इसके साथ ही एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी देखने आए नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे काफी रुचि से देखा। यहां लोगों को कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम श्री स्कूल योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना। इसके अलावा प्रदर्शनी में आधारभूत ढांचा, डिजिटल भारत, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी उपलब्धियों को भी दिखाया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, टेसू लाल धुरंधर सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
<
