![]()
जांजगीर जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने गुरुवार को सिटी कोतवाली जांजगीर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, सीसीटीएनएस व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार, अभिलेखों और लंबित अपराधों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण की शुरुआत पुलिस परेड से हुई। एसपी ने थाना स्टाफ से गुंडा, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनकी कार्यकुशलता का परीक्षण किया। संतोषजनक जवाब देने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी पांडेय ने सीसीटीएनएस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एफआईआर से लेकर चालान तक की सभी प्रक्रियाएं समय पर ऑनलाइन अपडेट की जाएं, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। एसपी ने अपराध नियंत्रण पर दिया जोर उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार करने की हिदायत दी गई। एसपी ने शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अवैध शराब, गांजा और अन्य अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। एसपी ने गुंडा, निगरानी और आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
<
