![]()
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड स्थित ग्राम पिपरोल में काशीसोत व्यपवर्तन योजना के नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम 30 मई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना के लिए शासन ने 1314.53 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। योजना के तहत 5920 मीटर मुख्य नहर और 9910 मीटर माइनर नहर का निर्माण और विस्तार किया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन और उनकी आय में वृद्धि होगी। इस योजना से खरीफ मौसम में 500 हेक्टेयर और रबी मौसम में 150 हेक्टेयर सहित कुल 650 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। लगभग 150 किसान इस परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। नहर विस्तार से सेंदुर और पिपरोल क्षेत्र के किसानों को वर्षभर खेती करने का अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। जैविक खाद के उपयोग पर कृषि मंत्री ने दिया जोर इस अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने किसानों को धान के साथ-साथ दलहनी और तिलहनी फसलें अपनाने तथा मिश्रित खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के बजाय जैविक खाद और गोबर खाद के उपयोग पर जोर देते हुए जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। मंत्री ने यह भी बताया कि नहर विस्तार से केवल सिंचाई सुविधा ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे ग्रामीणों के लिए आय के नए स्रोत विकसित होंगे। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से रबी फसलों की सिंचाई में सहायक होगी और किसान दोहरी फसल लेकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन कराने और महिलाओं से महतारी वंदन योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील की।
<
