![]()
कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक के रांधना क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से परेशान किसानों और ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती के कारण हो रही समस्याओं से अवगत कराया और तीन दिन में समाधान न होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिजली की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। खेतों में सिंचाई के लिए लगे मोटर पंप लो वोल्टेज के कारण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसलें सूखने लगी हैं। कई किसानों ने शिकायत की कि कम वोल्टेज के कारण उनके मोटर पंप जल गए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। बिजली कटौती से सिंचाई में बाधा किसानों ने यह भी बताया कि अघोषित बिजली कटौती से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय न होने से सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है, जिससे खरीफ और रबी दोनों फसलों पर संकट मंडरा रहा है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। किसानो ने 3 दिन का अल्टीमेटम दिया इन समस्याओं से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी। किसानों ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
<
