![]()
सरगुजा में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने सीएमएचओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि, सीतापुर इलाके में नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ हुए गैंगरेप मामले में चिकित्सक की पहली मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही बरती गई। दोषी डॉक्टर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि, यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। सीएमएचओ ने कहा कि, संबंधित महिला डॉक्टर को नोटिस दिया जा चुका है। नोटिस का जवाब मिलने पर कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर सरगुजा को भेजा जाएगा। वो कार्रवाई करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली निकालकर सीएमएचओ कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। कांग्रेसियों को पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। सीएमएचओ कार्यालय से बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। कांग्रेसियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और दोषी चिकित्सक पर कठोर कार्रवाई की मांग की। जानिए क्या है पूरा मामला सीतापुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ 24 अप्रैल की रात 7 आरोपियों ने गैंगरेप किया था। 25 अप्रैल को सीतापुर पुलिस ने मेडिकल के लिए बीएमओ से संपर्क किया तो बीएमओ ने उन्हें दूसरे दिन मेडिकल के लिए लाने कहा। 26 अप्रैल को दोपहर बाद सीतापुर सीएचसी में दोनों नाबालिगों का महिला चिकित्सक ने मेडिकल चेकअप किया। प्रायमरी ओपिनियन में महिला चिकित्सक ने एक बच्ची की रिपोर्ट में इंजरी और दूसरे की रिपोर्ट में नो इंजरी लिख दिया। इसके कारण एक मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की पहली एफआईआर 26 अप्रैल को दर्ज हुई। 29 अप्रैल को दोनों नाबालिगों का अंबिकापुर में दोबारा मेडिकल टेस्ट किया गया, जिसमें दोनों के साथ गैंगरेप होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस ने कुल 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। महिला डॉक्टर को बचाने का आरोप पूर्व मंत्री डॉ. अमरजीत भगत ने कहा कि, नाबालिग बच्चियों के साथ हुए इस शर्मनाक वारदात को सीतापुर के डॉक्टरों ने दबाने की कोशिश की। मामले में नो इंज्युरी की रिपोर्ट दी गई। यह अत्यंत गंभीर है। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है। इस शर्मसार करने वाली घटना में रिपोर्ट नहीं खिली गई और एमएलसी करने के लिए उन्हें भेजा गया, जिसमें गलत रिपोर्ट के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। जब लोगों ने विरोध दर्ज किया तो जिले में दुबारा एमएलसी कराई गई, जिसमें रेप की पुष्टि हुई। पूर्व मंत्री ने कहा कि मामले में दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, मामले में डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। CMHO बोले- कार्रवाई होगी इस मामले में सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने कहा कि संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी किया गया है। डाक्टर का जवाब नहीं मिला है। जवाब मिलते ही कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा जाएगा। मामले में कलेक्टर कार्रवाई करेंगे।
<
