![]()
राजनांदगांव जिले में राजस्व मामलों के तुरंत निराकरण के लिए प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर जितेंद्र यादव ने भीषण गर्मी के बावजूद राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम कन्हारपुरी के खेतों में पहुंचकर चल रहे सीमांकन कार्य का जायजा लिया। उनकी इस निगरानी का असर दिख रहा है, जहां पिछले एक सप्ताह के भीतर रिकॉर्ड 150 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमांकन के सभी लंबित मामलों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से निराकृत किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को बढ़ती गर्मी को देखते हुए सीमांकन का कार्य सुबह या शाम के समय करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। अवैध मांग करने पर अधिकारीयों पर होगी कार्रवाई कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैध मांग या प्रलोभन की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसानों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध:कलेक्टर निरीक्षण के दौरान सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण पाए जाने पर एक किसान को 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने का अल्टीमेटम भी दिया गया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से उनके आवेदनों की स्थिति और जमीन के रकबे के बारे में सीधी जानकारी ली। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा, “प्रशासन किसानों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। किसान भी नियमों का पालन करें ताकि आपसी विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो और गांव में सामाजिक सौहार्द बना रहे।” विवादित प्रकरणों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि विवादित प्रकरणों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करें ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
<
