![]()
छ्त्तीसगढ़ में बस्तर के रेटावंड गांव में ग्रामीणों ने एक पास्टर की बेदम पिटाई कर दी है। गांव वालों का आरोप है कि पास्टर पिछले कुछ समय से गांव में रह रहा था और ग्रामीणों का धर्म बदलवाने का काम कर रहा था। वहीं गांव वालों ने मीटिंग रखी। जिसके बाद पास्टर को उसके परिवार के साथ गांव छोड़ने को कहा। जिसका वीडियो भी अब वायरल हो रहा है। मामला बस्तर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर इलाके का रहने वाला है। पिछले करीब डेढ़ साल से ये अपने परिवार के साथ गांव में रह रहा था। वहीं 2 दिन पहले रविवार को गांव के ग्रामीणों ने मीटिंग रखी थी। जिसमें पूरा गांव शामिल हुआ था। इस मीटिंग में गांव के धर्मांतरित परिवार के लोग भी शामिल हुए थे। गांव वालों ने मीटिंग कर पास्टर को गांव छोड़ने कहा।
इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। जिसके बाद पास्टर की बेदम पिटाई कर दी गई। गांव में तनाव बढ़ गया था। वहीं जब मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन को मिली तो फौरन गांव पहुंचे। जिसके बाद मामला शांत करवाया गया। वहीं पास्टर ने पुलिस से लिखित शिकायत भी की है। हालांकि, गांव में तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम ने माहौल शांत करवाया।
दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है। ग्रामीणों की मांग है कि पास्टर अपने गृह राज्य लौट जाएं। पुलिस के मुताबिक, पास्टर ने भी ग्रामीणों को आश्वास दिया है कि वे जल्द ही गांव छोड़ देंगे। इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में तनावपूर्ण जैसे हालात नहीं हैं। स्थिति कंट्रोल में है।
<
