![]()
कोरबा में महिला कांग्रेस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता में गड़बड़ी और कथित घोटाले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को घंटाघर चौक में हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी और प्रभा तंवर ने किया। यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष फुलोदेवी नेताम के निर्देश पर आयोजित किया गया था। प्रदर्शन में शहर और ग्रामीण इकाई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। साड़ी खरीदी में 9 करोड़ रुपये का घोटाला:आरोप जिला अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने आरोप लगाया कि विभाग ने साड़ी खरीदी में लगभग 9 करोड़ रुपये का घोटाला और कमीशनखोरी की है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 5.5 मीटर की बजाय केवल 5 मीटर की सस्ती और घटिया गुणवत्ता वाली साड़ियां दी गई हैं। ये साड़ियां पहनने में छोटी पड़ रही हैं और रंग भी छोड़ रही हैं। उनका दावा था कि 100-200 रुपये की साड़ी को 500 रुपये में खरीदा गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अपमान ग्रामीण अध्यक्ष प्रभा तंवर ने इस मामले में दोषी अधिकारियों और संबंधित मंत्री पर कार्रवाई करने और कार्यकर्ताओं को अच्छी गुणवत्ता की साड़ियां उपलब्ध कराने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने इसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अपमान बताते हुए विभाग से सार्वजनिक माफी मांगने और गुणवत्तायुक्त साड़ियां देने को कहा। KYC के लिए महिलाओं को घंटो लाइन लगाना पड़ रहा जिला उपाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने सरकार पर महिलाओं से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 1 हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है, और केवाईसी के लिए महिलाओं को दो साल से घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।
<
