भास्कर न्यूज | नवापारा भेण्डरी ग्राम भेण्डरी स्थित शासकीय वीर शहीद बलराम सिंह ध्रुव हायर सेकेंडरी स्कूल का बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12वीं कक्षा में सभी संकायों का कुल परीक्षा परिणाम 81 प्रतिशत रहा, जबकि 10वीं बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। 12वीं विज्ञान संकाय में छात्र अमन साहू पिता डोला राम साहू ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 10वीं कक्षा में छात्रा याचना सिन्हा ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा कुमारी यामिनी ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संस्था की प्राचार्य ज्योति बघेल एवं परीक्षा प्रभारी प्रमोद चंद्राकर ने विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर ग्राम सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल तथा ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष नीलकंठ सिन्हा ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
<
