भास्कर न्यूज | सीपत सीपत पुलिस ने अपहरण और नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 8 अगस्त 2025 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पता चला कि अपहृत बालिका और संदेही आरोपी जिला राजनांदगांव के थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र में हैं। पुलिस टीम ने डोंगरगढ़ पुलिस के सहयोग से ग्राम माटेकटा में दबिश देकर बालिका को बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी संत कुमार शाह (21 वर्ष), निवासी ग्राम दर्राभाठा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाना और उसके साथ शारीरिक शोषण करना सामने आया। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 87, 64(एम) के साथ पोक्सो एक्ट की धारा 4(2) एवं 6 जोड़ी गई है।
<
