छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवा कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी अमित पठानिया ने दौरा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उनसे भेंट-मुलाकात की। पठानिया ने ‘सृजन अभियान’ के तहत कार्यकर्ताओं से चर्चा की और महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
.
शहर के छत्रपति शिवाजी चौक पर संगठन प्रभारी अमित पठानिया का आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए अमित पठानिया ने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष को एक प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस प्रस्ताव में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पद दिए जाने की बात कही जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि चाहे कार्यकर्ता चुनाव जीते हों या हारे हों, उन्हें संगठन में उचित स्थान मिलेगा।

युवा कांग्रेस ने सरकार को घेरा
पठानिया ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत दिए जाने वाले पैसे की वसूली के लिए बिजली बिलों में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने सरकार को ‘रिमोट कंट्रोल’ बताते हुए कहा कि उसे जन भावनाओं की कोई कद्र नहीं है।
बिजली बिल वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी प्रदर्शन कर रही है। पठानिया ने बताया कि आने वाले दिनों में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा और यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।


<
