छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर लूटपाट की गई। यह घटना शराब दुकान के पास हुई, जिसमें हमलावरों ने नगदी और मोबाइल फोन छीन लिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
.
घायल उपेंद्र यादव रूद्री आनंदपारा का निवासी है और पिकअप वाहन चालक के रूप में काम करता है। उसने बताया कि 26 अक्टूबर को वह लोहरसी से काम करके लौटा था। इसके बाद वह हटकेश्वर शराब भट्ठी में शराब पीने गया था।

ड्राइवर को अकेला देख गाली-गलौज के बाद किया हमला
शराब भट्ठी से अपने घर रूद्री लौटते समय, भट्ठी और मरघट के बीच पैदल चलते हुए उसे चार लड़के मिले। लड़कों ने उसे अकेला देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उपेंद्र ने मना किया, तो सभी ने मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से उसके बाएं जांघ के पीछे वार किया।
इसी दौरान हमलावरों ने उपेंद्र का पर्स छीन लिया, जिसमें 3000 रुपये थे, और उसका मोबाइल फोन भी ले भागे। किसी के आने की आवाज सुनकर चारों अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। उपेंद्र किसी तरह सड़क तक पहुंचा और ऑटो से अस्पताल आया।

हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित उपेंद्र यादव की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1), 296, 3(5), 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमतरी जिले में हाल के दिनों में लूटपाट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दीपावली के समय से ऐसी वारदातों में वृद्धि देखी गई है।
<
