![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने 37.800 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे और अन्य सामान की कुल कीमत 25.30 लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई सिहावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मैनपुर की ओर से आ रही एक TUV 300 वाहन में तीन व्यक्ति अवैध गांजा लेकर धमतरी की ओर जा रहे हैं। संकारा चेक पोस्ट पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में छिपाकर रखे गए गांजे के 44 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 37.800 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 90 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया। ओडिशा से लाकर नासिक में खपाने की थी तैयारी गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के भवानीपटना से खरीदकर लाए थे। उनका उद्देश्य इसे महाराष्ट्र के नासिक में बेचना था। पुलिस ने गांजे के अलावा महिंद्रा TUV 300 वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 25 लाख 30 हजार रुपए है। महाराष्ट्र के हैं तीनों आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के राहता निवासी अजय नंदू जाधव (27 वर्ष), नासिक के शिंदे नासिक निवासी मनोहर बालाजी कांबले (35 वर्ष) और अहमदनगर के राहता निवासी अंतावन राजू पगारे (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
<
