कोंडागांव जिले में बिहान योजना से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बस्तर ओलंपिक में ग्रामीण युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष पहल की है।
.
17 अक्टूबर को केशकाल विकासखंड की ग्राम पंचायत कुएंमारी में महिलाओं ने गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए खेल पंजीयन अभियान का प्रचार किया।
समूह की सदस्यों ने पारंपरिक बस्तरिया वेशभूषा में अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया। गीत, नृत्य और लोकनाट्य के माध्यम से उन्होंने बताया कि खेल मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम हैं।

अधिकारियों ने महिलाओं की इस पहल की सराहना की
स्व सहायता समूह की महिलाओं ने युवाओं से बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अंचल की प्रतिभा को जिला और संभाग स्तर पर पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर जिला मिशन प्रबंधक (DMM) विनय सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक (DPM-FM) कुंज लाल सिंहा, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक (BPM) हरीशचंद्र मंडावी, क्षेत्रीय समन्वयक और बिहान योजना के कैडर सदस्य उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

<
