![]()
बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक भाजपा नेता के ढाबे पर अवैध बार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। बीती रात हुई इस कार्रवाई में ढाबा संचालक समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ढाबा थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है और यहां अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। पुलिस द्वारा ढाबों और होटलों की नियमित जांच के दौरान अशोक जोतवानी के बालाजी ढाबे में पांच लोगों को शराब पीते पाया गया। जांच में सामने आया कि ढाबे में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। जांच के दौरान मिला अवैध बार संचालन ढाबा संचालक अशोक जोतवानी को अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने के आरोप में आबकारी अधिनियम की धारा 36(ग) के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं, वहां मौजूद पांच अन्य व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत गिरफ्तार किया गया। ये लोग हुए गिरफ्तार पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक अशोक जोतवानी (51), निवासी चकरभाठा कैंप, के अलावा हर्ष श्रीवास (25), निवासी उसलापुर, अभिषेक कुमार सिंह (23), निवासी यदुनंदन नगर, राजीव दुबे (29), निवासी वार्ड क्रमांक 2 बोदरी, मयंक सिंह (27), निवासी यदुनंदन नगर और बिट्टू कौशिक (28), निवासी वार्ड क्रमांक 2 बोदरी को गिरफ्तार किया है। भाजपा से जुड़ा है ढाबा संचालक जानकारी के अनुसार, अशोक जोतवानी बोदरी नगर पालिका चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में वार्ड क्रमांक 6 से पार्षद पद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सड़क सुरक्षा बैठक के बाद कार्रवाई उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने अवैध पार्किंग, अनधिकृत ढाबों और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में चकरभाठा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस की अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
<
