.
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से रविवार को जल संसाधन विभाग के अमीन पद के लिए चयन परीक्षा हुई। दोपहर 12 से 2.15 तक हुई परीक्षा में शामिल होने जिले से 28,235 उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 18,084 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए और विभिन्न कारणों से 10,151 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए जिले में 77 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा से पहले व्यापमं से जारी निर्देशों के अनुसार सुबह परीक्षार्थियों को केंद्रों में सुबह 11.30 तक प्रवेश दिया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र, आधी बांह वाली हल्के रंग की कमीज और बिना जेब वाले स्वेटर की जांच गई। कुछ महिला अभ्यर्थी वन थर्ड बांह वाले कपड़े पहन कर आई थीं। कुछ ने जांच के दौरान कमीज की बांह काटी। वहीं कई अभ्यर्थियों ने जांच के लिए बनाए गए कमरे में जाकर अपनी कमीज बदली। व्यापमं के निर्देशानुसार ठीक 11.30 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसकी विडियोग्राफी भी कराई गई।
परीक्षा के जिला समन्वयक साइंंस कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसएन झा ने बताया कि सहायक समन्वयक डॉ. जीएस ठाकुर, डॉ. सुनीता मैथ्यू, डॉ. उषा साहू, डॉ. सतीष सेन, डॉ. दिव्या कुमुदिनी मिंज, डॉ. प्रदीप जांगड़े, डॉ. अंबरीष त्रिपाठी को 11-11 परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने केंद्रों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति ली। परीक्षा होने के बाद सामग्री संग्रहण किया। दोपहर 3 बजे के पहले परीक्षा सामग्री युक्त पेटियां संग्रहण केंद्र साइंस कालेज में आती रहीं।
ठीक 11.30 के बाद सभी केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसकी वजह से एक या दो मिनट से देरी से आने वाले अभ्यर्थियों प्रवेश नहीं दिया गया। बालोद से आई रंजीता साहू ने बताया कि बस लेट होने की वजह से वह 11.32 पर साइंस कॉलेज के मुख्य द्वार पहुंंची। तब तक गेट बंद हो गया था। मुरमुंदा से भाई के साथ आई सुष्मिता ने 11.34 पर पहुंची।भीतर जाने के लिए मिन्नतें करती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
<
