कोरबा के नगर पालिका परिषद दीपका के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 5 सुभाष नगर के निवासी पिछले कुछ दिनों से पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। वार्ड में पुराना ज्ञान विज्ञान स्कूल के पास स्थित जल आपूर्ति बोरवेल खराब हो गया है।
.
बोरवेल के खराब होने के कारण इसके आसपास के दर्जनों घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। इससे वार्डवासियों में असंतोष है और उन्हें दैनिक कार्यों के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।

सुभाष नगर के निवासियों ने CMO को सौंपा ज्ञापन
पानी की किल्लत से प्रभावित सुभाष नगर के निवासियों ने आज नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने अपनी गंभीर समस्या को उजागर करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पानी की आपूर्ति न होने से इलाके के लोग परेशान
निवासियों ने बताया कि बोरवेल पर निर्भर कई परिवारों को खाना बनाने, नहाने और साफ-सफाई जैसे दैनिक कार्यों के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। बच्चों को सुबह स्कूल जाने और लोगों को काम पर जाने में भी दिक्कत हो रही है।
वार्ड के निवासी रिंकू खान ने बताया कि पानी की आपूर्ति न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पानी टैंकर की व्यवस्था की भी मांग की। कुछ लोगों के घरों में निजी बोर और कुएं हैं, जहां से आसपास के लोग पानी लेकर काम चला रहे हैं, लेकिन उन्हें भी कठिनाई हो रही है। निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से इस समस्या को प्राथमिकता से हल करने की अपील की है।
<
