मरवाही वन परिक्षेत्र में तीन जंगली हाथियों के दल ने डेरा डाल दिया है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
.
वन विभाग के अनुसार, यह हाथियों का दल पासान रेंज से विचरण करते हुए मरवाही के नाका जंगल तक पहुंचा है। फिलहाल, हाथी इसी क्षेत्र में रुके हुए हैं।
हाथी के सड़क पार करने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण हाथी को परेशान करते नजर आए। युवकों की चिल्लाने की आवाज सुनकर हाथी तेजी से रोड क्रॉस कर जंगल की तरफ भाग गया।



किसानों की फसलों को पहुंचाया नुकसान
हाथियों के विचरण के दौरान आसपास के खेतों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने कम से कम तीन किसानों की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया है।
मरवाही रेंज की वन विभाग टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, हाथियों के करीब न जाने और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है।


<
