Uncategorized

उदंती अभ्यारण्य में रात को आवाजाही पर प्रतिबंध:शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक हाईवे बंद, इंदागांव-तौरेंगा नाके पर सभी वाहन रोके जाएंगे

उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-130C पर अब रात में सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अभ्यारण्य प्रशासन ने हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक इंदागांव और तौरेंगा बैरियर पर वाहनों को रोकने का फैसला लागू किया है। प्रतिबंध अभ्यारण्य क्षेत्र में आने वाले करीब 30 किमी हाईवे पर रहेगा। प्रशासन के मुताबिक, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पिछले करीब एक साल से रात में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी। हालांकि यात्री बसों और निजी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई थी। अब यह छूट भी खत्म कर दी गई है और सभी तरह के वाहनों पर रात में रोक रहेगी। इसका सीधा असर रायपुर से देवभोग जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रात 7 बजे के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से जाना होगा। कैमरों से होगी ऑनलाइन निगरानी दोनों बैरियर पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के लिए कैमरों से निगरानी बढ़ाई गई है। बैरियर की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि नियम तोड़ने या किसी विवाद की स्थिति पर नजर रखी जा सके। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लिया फैसला उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन ने प्रतिबंध लागू होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में भालू, तेंदुए समेत अन्य वन्यजीवों और इंसानों के बीच संघर्ष की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए हाईकोर्ट के निर्देश के तहत रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। हालांकि मेडिकल या जीवन-मरण से जुड़ी आपात स्थिति में वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। रात की बसों और नौकरीपेशा लोगों की बढ़ेगी परेशानी इस मार्ग पर शाम 7 बजे के बाद रायपुर से देवभोग आने-जाने वाली 5 से ज्यादा यात्री बसें चलती हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय या राजधानी में काम से गए लोग अक्सर एक ही दिन में काम निपटाकर रात में लौटते थे। रात में हाईवे बंद होने से अब इन यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button