मुंगेली जिले में गांजे की तस्करी करते 2 आरोपी पकड़ाए है। उनके कब्जे से 1 किलो 840 ग्राम गांजा, एक बाइक और एक मोबाइल फोन मिला है जिसकी कुल कीमत 57,880 रुपए है। मामला पथरिया थाना क्षेत्र का है।
.
जानकारी के अनुसार, ग्राम लौदा में बजरंगबली मंदिर के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए खड़े थे। वे ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन बाज अभियान को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत साइबर सेल और पथरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
10 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में गांजा बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लौदा में घेराबंदी की।
मौके पर बिना नंबर की बाइक पर सवार दो व्यक्ति मिले। इनकी पहचान चोरभठ्ठी पथरिया निवासी नरेंद्र उर्फ जित्तु (24) और शांतिनगर पथरिया निवासी लेखराम उर्फ लेड़वहा श्रीवास (46) के रूप में हुई।
दोनों के पास अलग अलग पैकेट में गांजा था
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से दो अलग-अलग पैकेट में कुल 1 किलो 840 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 12,880 रुपए है। गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त 30,000 रुपए की बाइक और 15,000 रुपए का एक मोबाइल भी जब्त किया गया। जब्त गांजा और सामग्री की कुल कीमत 57,880 रुपए है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। 11 दिसंबर 2025 को उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने गांजा के तीन और ब्राउन शुगर के एक प्रकरण में लगातार की गई कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन बाज” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।
<
