दुर्ग में फ्लाई एश से भरे ट्रक पर चढ़ते समय एक ड्राइवर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है।
.
मृतक की पहचान धमधा के रहने वाले सुरेश कुमार (31) के रूप में हुई है। जो कि पेशे से ड्राइवर था। गुरुवार को वह गायत्री पैलेस के सामने गोयल इंफ्रा कंपनी के गेट के पास खड़े फ्लाई एश से भरे ट्रक पर चढ़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही जेवरा चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आईसीयू में बेड उपलब्ध न होने के कारण उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मॉर्चुरी में रखवा गया शव
डॉक्टरों के काफी प्रयासों के बाद भी कुछ देर बाद ड्राइवर की मौत हो गई। बताया गया है कि ट्रक हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे खड़ा था। सुरेश किसी काम से उस पर चढ़ा ही था कि अचानक उसका हाथ तार से टच हो गया। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि यह ट्रक राजीव कुमार श्रीवास्तव की है। ड्राइवर के शव को मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है। आगे की जांच जारी है।
<
